
गरियाबंद। भूतेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर रायपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस रविवार को भकुर्रा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुल के पास सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान बस का पहिया सड़क किनारे धंस गया। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बस में कुल 54 श्रद्धालु सवार थे। बस का अगला हिस्सा पुल के किनारे फंस गया और सामने का कांच टूट गया। हालांकि बस में सवार किसी भी श्रद्धालु को चोट नहीं आई। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक राहगीर बस की चपेट में आ गया, जिसे डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद बस के मार्ग में फंस जाने से भकुर्रा मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति संभालते हुए यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास शुरू किया। बस को हटाने में देरी के कारण काफी देर तक लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ा।
सावन के दूसरे सोमवार के चलते भूतेश्वरनाथ धाम की ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ी हुई है। ऐसे में मार्ग पर जाम लगने से दर्शन के लिए जा रहे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मौके पर कई श्रद्धालु और महिलाएं जाम खुलने का इंतजार करते दिखाई दिए। पुलिस की निगरानी में बस को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
