
Shakib Al Hasan House Attack: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के घर में आग लगाने की कोशिश की गई। यह घटना उस वर्चुअल कार्यक्रम के कुछ घंटे बाद हुई, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हिस्सा लिया था और शाकिब भी कार्यक्रम से जुड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने मागुरा स्थित शाकिब के घर को निशाना बनाया। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित एक मीडिया इवेंट से जुड़ा था, जिसमें शेख हसीना ने वर्चुअल संबोधन दिया।
गौरतलब है कि पिछले साल बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा के बाद दर्ज एक हत्या के मामले में शाकिब अल हसन का नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल किया गया था। हालांकि, रिपोर्टों में कहा गया था कि जिस समय हिंसा हुई, उस दौरान शाकिब बांग्लादेश में मौजूद नहीं थे।
अपने संबोधन में शेख हसीना ने कहा कि वह जल्द बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें जेल जाना पड़े या जान का खतरा हो, फिर भी वह अपने देश और लोगों के बीच वापस आएंगी।
