

NGT Raipur Stadium: रायपुर। पानी की बढ़ती कमी को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रिब्यूनल ने रायपुर, मुंबई और जयपुर के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में होने वाली सभी खेल गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब अगले आदेश तक NGT की अनुमति के बिना इन मैदानों में कोई मैच या खेल आयोजन नहीं हो सकेगा।
NGT के अनुसार, इन स्टेडियमों में जल संरक्षण से जुड़े जरूरी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। भूजल का उपयोग कम करने, शुद्ध किए गए STP के पानी का इस्तेमाल बढ़ाने और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। कई बार निर्देश और नोटिस देने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ट्रिब्यूनल ने यह फैसला लिया।
यह मामला 2021 में जारी उन पर्यावरणीय निर्देशों से जुड़ा है, जिनके तहत देश के बड़े स्टेडियमों को जल संरक्षण के नियम अपनाने को कहा गया था। जांच के दौरान रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम का अनुपालन अधूरा पाया गया।
NGT ने केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। तब तक इन तीनों स्टेडियमों में किसी भी खेल आयोजन के लिए NGT की मंजूरी जरूरी रहेगी।



