
पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और तोड़फोड़ के बाद छात्रों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राएं खान सर के घर के बाहर जमा हो गए और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इससे इलाके में लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान खान सर अपने घर की बालकनी में आए और छात्रों से हाथ जोड़कर शांति बनाए रखने तथा घर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कई छात्र मौके पर डटे रहे।
छात्रों का कहना था कि जब उनके शिक्षक की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं तो वे चुप नहीं बैठ सकते। कई छात्राओं ने कहा कि उन्हें जानना है कि कोचिंग सेंटर पर हमला कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं।
दरअसल, मंगलवार देर रात पटना के कदमकुआं इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ युवकों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। घटना में गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं खान सर ने इस घटना के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों और कोचिंग कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई है। फिलहाल प्रशासन ने कोचिंग सेंटर को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है।
