
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम Siddaramaiah ने साफ कर दिया कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे। 80 वर्षीय नेता ने कहा कि उनकी दिलचस्पी राष्ट्रीय राजनीति में नहीं है और वह राज्य की राजनीति में विधायक के रूप में सक्रिय रहना चाहते हैं।
राज्यसभा जाने से किया इनकार
सिद्दरमैया ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। उनका कहना था कि वह सक्रिय राजनीति में रहकर कर्नाटक की जनता के बीच काम करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे राज्यसभा जाने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने मना कर दिया। मेरी रुचि राष्ट्रीय राजनीति में नहीं है।”
डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व ने D. K. Shivakumar को अगला मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि इस पर सिद्दरमैया ने भी अपनी सहमति दे दी है।
गुरुवार सुबह वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि पार्टी जो फैसला करेगी, वह उसके साथ खड़े रहेंगे।
कांग्रेस की नई रणनीति
पिछले एक साल से सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार के बीच नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि पार्टी हाईकमान ने तमिलनाडु और केरल के चुनावों को देखते हुए इस मुद्दे को ज्यादा तूल नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को Rahul Gandhi और सिद्दरमैया के बीच करीब 35 मिनट की अहम बैठक हुई थी। इस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें “कर्नाटक से आगे सोचने” की सलाह दी और राज्यसभा सीट का प्रस्ताव भी रखा।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अब 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव और 2029 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार कर रही है।
