
कहते हैं मेहनत और जुनून इंसान की किस्मत बदल देते हैं। बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। छोटी उम्र में ही वैभव ने आईपीएल 2026 में ऐसा धमाका किया कि पूरा क्रिकेट जगत उनका दीवाना हो गया।
महज 4 साल की उम्र में बल्ला पकड़ने वाले वैभव को उनके पिता संजीव ने खुद क्रिकेट सिखाना शुरू किया था। खेती-किसानी करने वाले पिता रोज बेटे को अंडरआर्म गेंद डालकर प्रैक्टिस करवाते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने घर के पीछे छोटा-सा प्रैक्टिस एरिया भी तैयार किया था ताकि वैभव लगातार अभ्यास कर सके।
बेटे के सपने के लिए पिता ने छोड़ा सबकुछ
वैभव के पिता संजीव खुद भी क्रिकेटर बनना चाहते थे, लेकिन उस समय बिहार को बीसीसीआई की मान्यता नहीं मिलने से उनका सपना अधूरा रह गया। परिवार चलाने के लिए उन्होंने मुंबई में शिपिंग यार्ड, पोर्ट और यहां तक कि बाउंसर की नौकरी भी की, लेकिन बेटे का टैलेंट देखकर वह वापस गांव लौट आए।
जब वैभव का क्रिकेट के प्रति जुनून बढ़ा तो पिता उन्हें ट्रेनिंग दिलाने पटना ले जाने लगे। ताजपुर से पटना करीब 75 किलोमीटर दूर होने के कारण उन्होंने बेटे की सुविधा के लिए गाड़ी तक खरीद ली। कई बार उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए जमीन तक बेचनी पड़ी थी।
आईपीएल 2026 में मचाया तूफान
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर तहलका मचा दिया। उनकी पारी में 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वह महज 3 रन से शतक से चूक गए, लेकिन कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर गए।
इस सीजन में वैभव ने 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में बढ़त हासिल कर ली। वहीं, उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक सीजन में 65 छक्के जड़ दिए।
गुलाबी रंग के घर में रहता है परिवार
वैभव का पुश्तैनी घर बिहार में स्थित है। हाल ही में उनके घर की मरम्मत करवाई गई और उसे गुलाबी रंग से पेंट कराया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घर की कीमत करीब 40 से 60 लाख रुपये के बीच बताई जाती है।
आज जिस बेटे के लिए पिता बेरोजगार तक हो गए थे, वही वैभव करोड़ों की सैलरी के साथ देश-दुनिया में नाम कमा रहा है। आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट करियर
वैभव ने जनवरी 2024 में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 8 मैचों में 207 रन बनाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 353 रन दर्ज हैं। वहीं टी20 क्रिकेट में वह 33 मैचों में 1381 रन बना चुके हैं।
आईपीएल में अब तक वैभव 22 मैचों में 932 रन बना चुके हैं, जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में एसआरएच के खिलाफ खेली गई उनकी 97 रन की विस्फोटक पारी ने राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर-2 में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
