
रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी उमेश गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव पर चोट के निशान मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और रेलवे ट्रैक के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में इस क्षेत्र में यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
