Korba Collector Office Suicide Attempt; कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में गणतंत्र दिवस के दिन उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बर्खास्त नगर सैनिक संतोष पटेल ने आत्महत्या की कोशिश की। जवान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही जहर का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद पुलिस को जवान के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें संतोष पटेल ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। नोट में उसने आत्महत्या का कदम उठाने की वजह इन्हीं प्रताड़नाओं को बताया है।
बर्खास्तगी से था मानसिक रूप से आहत
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जिला सेनानी के खिलाफ महिला सैनिकों द्वारा विशाखा समिति में शिकायत की गई थी। इस मामले में हुई कार्रवाई के बाद संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी फैसले से वह गहरे मानसिक तनाव में था।
पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले राजनांदगांव में भी एक नगर सैनिक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे सुरक्षा बलों में तनाव और चिंता का माहौल है।
