Libya Army Chief Death news:
लीबिया से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है। तुर्किये की राजधानी अंकारा से उड़ान भरने के बाद लीबिया लौट रहा एक प्राइवेट जेट विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में लीबिया के मिलिट्री चीफ जनरल मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद, 4 वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और 3 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है।
लीबिया और तुर्किये के अधिकारियों के अनुसार, विमान हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ। यह प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के लिए हाई-लेवल डिफेंस मीटिंग में शामिल होकर लौट रहा था।
लीबिया के प्रधानमंत्री ने की हादसे की पुष्टि
लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबीबा ने विमान हादसे में आर्मी चीफ और अन्य अधिकारियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब प्रतिनिधिमंडल तुर्किये से अपने देश लौट रहा था।
प्रधानमंत्री ने इसे लीबिया के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्लेन क्रैश में मारे गए अधिकारियों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले अधिकारियों में शामिल हैं—
जनरल मुहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद – पश्चिमी लीबिया के टॉप मिलिट्री कमांडर
जनरल अल-फितौरी घ्रैबिल – लीबिया ग्राउंड फोर्सेज के प्रमुख
ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी – मिलिट्री मैन्युफैक्चरिंग अथॉरिटी के प्रमुख
मोहम्मद अल-असावी दियाब – चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार
मोहम्मद उमर अहमद महजूब – चीफ ऑफ स्टाफ ऑफिस के मिलिट्री फोटोग्राफर
विमान में सवार तीनों क्रू मेंबर्स की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
उड़ान के बाद टूट गया था विमान से संपर्क
तुर्किये के अधिकारियों ने बताया कि यह Falcon 50 बिजनेस जेट था। अंकारा के एसेनबोगा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के करीब 40 मिनट बाद विमान से संपर्क टूट गया।
विमान का मलबा अंकारा से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण, हयमाना जिले के केसिक्कावाक गांव के पास मिला है।
तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि विमान ने उड़ान के कुछ समय बाद इमरजेंसी लैंडिंग का सिग्नल दिया था, लेकिन इसके बाद सभी कम्युनिकेशन बंद हो गए।
तुर्किये के राष्ट्रपति कार्यालय का बयान
तुर्किये के राष्ट्रपति कम्युनिकेशन ऑफिस के प्रमुख बुरहानेतिन दुरान ने बताया कि विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की जानकारी दी थी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी।
एयरक्राफ्ट को वापस एसेनबोगा एयरपोर्ट भेजा जा रहा था, लेकिन नीचे उतरते समय विमान रडार से गायब हो गया।
अंकारा प्रवास के दौरान जनरल अल-हद्दाद ने तुर्किये के रक्षा मंत्री यासर गुलेर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।
लीबिया में जारी है राजनीतिक और सैन्य अस्थिरता
गौरतलब है कि 2011 में मोअम्मर गद्दाफी के खिलाफ हुए विद्रोह के बाद से लीबिया लंबे समय से राजनीतिक और सैन्य अस्थिरता से जूझ रहा है। देश पूर्व और पश्चिम में बंटा हुआ है, जहां अलग-अलग सरकारें, मिलिशिया और विदेशी शक्तियों का प्रभाव बना हुआ है।
ऐसे समय में आर्मी चीफ की मौत को लीबिया के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
