कोरबा।धान मिंजाई के काम में परिजन व्यस्त थे, इसी बीच घर में खेल रहा 6 वर्षीय मासूम एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। पैरावट (धान का ढेर) के ऊपर खेलते समय वह संतुलन खो बैठा और सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। इस हादसे में उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोट आई, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक यह घटना कोरबा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र, कोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम लालपुर की है। यहां निवासी नंदलाल पांडव के घर में धान की मिंजाई (मिसाई) का काम चल रहा था। इसी दौरान उनका 6 वर्षीय पुत्र ओम सत्यम पैरावट के ऊपर खेलते हुए पलटी मार रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे सिर के बल नीचे जमीन पर गिर गया।
गिरते ही मासूम जोर-जोर से रोने लगा। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि कुछ देर बाद उपचार के दौरान ओम सत्यम ने दम तोड़ दिया।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मासूम की मौत हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह हृदयविदारक घटना ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
