Tractor driver damages railway gate Durg: दुर्ग। बघेरा रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा टल गया। नशे में धुत्त ट्रैक्टर चालक ने बंद बैरियर तोड़कर फाटक पार कर लिया। जैसे ही ट्रैक्टर फाटक पार हुआ, वैसे ही ट्रेन वहां से गुजरी।
फाटक ऑपरेटर ने क्षतिग्रस्त बैरियर तुरंत हटाया और अब वैकल्पिक व्यवस्था से फाटक को बंद किया जा रहा है। रेलवे पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे नयापारा से दुर्ग की ओर जा रहे ट्रैक्टर चालक ने नशे में आधा दर्जन साइकिलों को टक्कर मारी और कोटनी गांव की तरफ भागा। उसी दौरान बघेरा रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद था। चालक ने बिना रुके फाटक तोड़ दिया। फाटक पर खड़े अन्य वाहन चालक अपने आप को बचाने में सफल रहे।
इस रेलवे क्रॉसिंग का बैरियर पहले बटन के जरिए ऑपरेट होता था, लेकिन अब यह क्षतिग्रस्त होने के कारण मैनुअली खोला जा रहा है। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ता है और खतरा भी बढ़ गया है।
अब रेलवे प्रशासन को यह तय करना है कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी और फाटक कब तक सही हो पाएगा।
