Raigarh sister murder case: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बहन के रिश्ते को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया। ग्राम पतरापाली की रहने वाली नेहा कुमारी महतो (20 साल) ने अपनी छोटी बहन रंजिता कुमारी की हत्या कर दी। मामूली विवाद ने बहन की जान ले ली। अब कोर्ट ने इस जघन्य अपराध में बड़ी बहन को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
विवाद से हत्या तक की कहानी
मृतका रंजिता कुमारी घर में सिलाई का काम करती थी, जबकि आरोपी नेहा घरेलू कामकाज संभालती थी। अक्सर दोनों के बीच घर के काम को लेकर झगड़े होते रहते थे।
घटना 24 अप्रैल 2024 की रात की है। रात 9 बजे नेहा ने रंजिता को लौकी छीलने और खाना बनाने के लिए कहा। रंजिता ने इंकार कर दिया और गुस्से में कमरे में जाकर सो गई। इसी बात से आक्रोशित होकर नेहा ने अपने पिता को बाहर दुकान भेज दिया और फिर किचन में रखे लोहे के खलबट्टे से सो रही बहन के सिर पर वार कर दिया।
पहले वार से जब रंजिता चिल्लाई तो मां के जाग जाने के डर से नेहा ने बार-बार सिर पर प्रहार किया। गंभीर चोट से रंजिता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नेहा ने शव को कंबल से ढककर कमरे की लाइट बंद कर दी और खुद वहीं बैठी रही।
पिता ने दर्ज कराई FIR
अगले दिन पिता दिनदयाल महतो ने बेटी को उठाने के लिए कमरे में भेजा, जहां रंजिता मृत मिली। उन्होंने तुरंत कोतरा रोड थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह बड़ी बहन नेहा पर गया। पुलिस पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
कोर्ट का फैसला
मामले की सुनवाई सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार जैन की अदालत में हुई। अभियोजन पक्ष से लोक अभियोजक पी.एन. गुप्ता ने पैरवी की। सभी गवाहों और सबूतों के आधार पर कोर्ट ने नेहा कुमारी महतो को धारा 302 और 201 IPC के तहत दोषी ठहराया और आजीवन कारावास व जुर्माने की सजा सुनाई।
