महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में उस वक्त हलचल मच गई जब खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में विधायक की “गुमशुदगी” के पोस्टर सार्वजनिक जगहों पर नजर आने लगे। इन पोस्टरों में लिखा गया था कि विधायक लापता हैं और उन्हें खोजने वाले को इनाम मिलेगा।
पोस्टर में तुमगांव और सिरपुर क्षेत्र के किसान, महिलाएं और बेरोजगार छात्र अपीलकर्ता के रूप में सामने आए हैं। इनका आरोप है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर विधायक से मिलना चाहते हैं, लेकिन लंबे समय से वह नजर नहीं आ रहे हैं।
एक पोस्टर में तो करणी कृपा स्टील एंड पावर प्लांट पर कटाक्ष करते हुए यह तक कहा गया कि शायद विधायक वहीं छुपे हुए हैं।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे बीमार चल रहे हैं और अपने निवास पर ही लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। उनका दावा है कि वह लगातार क्षेत्रवासियों से संपर्क में हैं और विपक्ष इस मामले को बेवजह तूल दे रहा है।
